UTTARAKHAND LIVE

उत्तराखंड की खबरों से सरोकार

स्वच्छता संदेश को एनएसएस ने चलाया सफाई अभियान

पूरे माह परिसर समेत आस-पास के क्षेत्रों चलेगा व्यापक अभियान

अल्मोड़ा। सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) प्रकोष्ठ एवं नेहरू युवा केंद्र अल्मोड़ा के संयुक्त तत्वावधान में नमामि गंगे एवं अमृत महोत्सव कार्यक्रम के तहत विवि परिसर में सफाई अभियान चलाया गया। यह अभियान स्वच्छता ही सेवा एवं स्वच्छता स्वच्छ भारत मिशन के तहत आयोजित किया गया।
राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) समन्वयक डॉ ममता असवाल ने बताया कि एनएसएस की ओर से पूरे अक्टूबर माह में विश्वविद्यालय परिसर, आस-पास के क्षेत्रों एवं विवि द्वारा गोद लिए गांवों में जगह-जगह सफाईं अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अभियान का उद्देश्य ना केवल स्वच्छता का संदेश देना है, बल्कि आम लोगों को जैविक-अजैविक कूडे़ के निस्तारण केे उपायों के बारे में विस्तृत जानकारी देना भी है। डाॅ असवाल ने बताया कि शुक्रवार को एनएनएस छात्र-छात्राओं की ओर से एसएसजे परिसर में प्लाॅस्टिक अपशिष्ट को भारी मात्रा में एकत्रित किया गया। उन्होंने बताया कि एकत्रित अपशिष्ट का बाद में जिला प्रशासन एवं नेहरू युवा केंद्र के सहयोग से वैज्ञानिक तरीके से नष्ट किया जाएगा। शुक्रवार को अभियान की शुरूआत करते हुए कुलपति प्रो एनएस भंडारी ने एनएसएस के छात्र-छात्राओं का खूब हौसला अफजाई भी की। इस मौके पर नेहरू युवा केंद्र के हरीश नैनवाल, पूर्व स्वास्थ्य निदेशक डाॅ जेसी दुर्गापाल आदि गणमान्य लोग मौजूद रहे।