UTTARAKHAND LIVE

उत्तराखंड की खबरों से सरोकार

टैक्सी यूनियन के गणेश बिष्ट को महासंघ का उपाध्यक्ष बनाया

अल्मोड़ा। लॉकडाउन के बाद से भारी नुकसान झेल रहे रहे कुमाऊं भर के टैक्सी चालक, मालिकों की समस्याओं के समाधान के लिए अब महासंघ टैक्सी यूनियन कुमाऊं मंडल ने निर्णायक कदम उठाने का निर्णय लिया है। मुहिम को धार देने के लिए महासंघ अध्यक्ष शंकर ठाकुर ने पदाधिकारियों की आम सहमति से संगठन का भी विस्तार कर दिया है, टैक्सी यूनियन अल्मोड़ा के अध्यक्ष गणेश बिष्ट को महासंघ का उपाध्यक्ष बनाया गया है। महासंघ ने सभी सदस्यों से एकजुटता का भी आह्वान किया है। महासंघ के अध्यक्ष शंकर ठाकुर ने कहा कि कोरोना महामारी व लॉकडाउन के बाद से भारी नुकसान झेल रहे टैक्सी संचालक बेहद दिक्कतों का सामना कर रहे हैं। सरकार व शासन तक कई बार समस्याएं पहुंचाए जाने के बावजूद टैक्सी चालक, मालिकों की अधिकांश समस्याओं का कोई निराकरण नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि समस्याओं के निराकरण के लिए अब टैक्सी महासंघ को स्वयं ही निर्णायक कदम उठाने को मजबूर होना पड़ रहा है। जल्द ही कुमाऊं मंडल के सभी टैक्सी यूनियन पदाधिकारियों की बैठक आयोजित कर रणनीति तय की जाएगी। उन्होंने कहा कि महासंघ के नए उपाध्यक्ष गणेश बिष्ट के अनुभवों का लाभ संगठन को मिलेगा। कोरोनाकाल निपटने के बाद समारोह पूर्वक नए पदाधिकारियों का स्वागत किया जाएगा। वहीं, नवनियुक्त उपाध्यक्ष गणेश बिष्ट ने महासंघ अध्यक्ष ठाकुर का आभार जताया। उनके उपाध्यक्ष चुने जाने पर अल्मोड़ा टैक्सी यूनियन के अध्यक्ष शैलेंद्र तिलारा, नीरज पवार, अर्जुन सिंह, बालकृष्ण जोशी सहित सांसद अजय टम्टा, विधानसभा उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह चौहान, सुरेंद्र डसीला ने उन्हें शुभकामनाएं दीं हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *