UTTARAKHAND LIVE

उत्तराखंड की खबरों से सरोकार

आपदा अवकाश में स्कूल बुलाने पर शिक्षक नाराज

हल्द्वानी(आरएनएस)। नैनीताल जिले में भारी बारिश और आपदा अलर्ट के कारण प्रशासन की ओर से सभी विद्यालयों में अवकाश घोषित किया गया है। लेकिन शिक्षकों ने अवकाश में स्कूल बुलाए जाने पर नाराजगी जताई है। शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष गिरीश चंद जोशी एवं जिला मंत्री पंकज कुमार बधानी ने डीएम को लिखे पत्र में कहा कि आपदा की स्थिति में सड़कों पर मलबा गिरने, नदी-नालों के उफान पर होने और सड़क मार्गों के अवरुद्ध होने के कारण जान-माल का खतरा बना हुआ है। इसके बावजूद विभागीय अधिकारियों के अस्पष्ट निर्देशों से शिक्षकों में भ्रम की स्थिति पैदा हो रही है। कहा कि शिक्षा विभाग के अफसर शिक्षकों को स्कूल में बने रहने के लिए व्हाट्सएप पर संदेश भेज रहे हैं। उन्होंने इस मामले में सीईओ को कॉल की। उन्होंने कॉल रिसीव नहीं की। उन्होंने शिक्षकों से अपील की है कि वे आपदा की स्थिति में अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा को प्राथमिकता दें। संगठन ने जिलाधिकारी से इस असमंजस की स्थिति को दूर करने के लिए तत्काल वार्ता की मांग की। मुख्य शिक्षाधिकारी गोविंद जायसवाल ने कहा कि अवकाश सिर्फ बच्चों के लिए है। शिक्षक सरकारी कर्मचारी हैं। जैसे अन्य विभागों के कर्मचारी अपना काम करते हैं। वैसे ही शिक्षकों को भी काम करना चाहिए।