UTTARAKHAND LIVE

उत्तराखंड की खबरों से सरोकार

आसन नम भूमि में होगी प्रवासी परिंदों की गणना

विकासनगर(आरएनएस)।  आसन नमभूमि क्षेत्र में आए प्रवासी परिंदों की गणना रविवार को की जाएगी। चकराता वन प्रभाग की ओर से गणना के लिए तैयारियां पूरी कर दी गई हैं। वन विभाग की ओर से की गई गणना के बाद ही परिंदों की वास्तविक संख्या का आकलन होगा। आसन नम भूमि क्षेत्र में प्रवास पर आने वाले परिंदों की आधिकारिक गणना हर साल जनवरी माह के दूसरे पखवाड़े में की जाती है। यहां साइबेरिया, यूरोप के साथ ही मध्य एशियाई देशों से बड़ी संख्या में परिंदे प्रवास के लिए आते हैं। अक्टूबर माह के पहले सप्ताह से परिंदों के आने का सिलसिला शुरू हो जाता है, जो दिसंबर तक जारी रहता है। परिंदे गर्मी शुरू होने पर मार्च की शुरुआत में अपने मूल स्थलों की ओर लौटते हैं। बीते एक दशक से आसन नमभूमि क्षेत्र में पांच हजार से अधिक प्रवासी परिंदे आते रहे हैं, जिनमें 50 के करीब प्रजातियों के परिंदे शामिल हैं। हालांकि, पिछले साल नवंबर माह में भी एक बार परिंदों की गणना की गई थी, तब ढ़ाई हजार परिंदे यहां पहुंचे थे। अब वन विभाग की आधिकारिक गणना होने के बाद ही वास्तविक संख्या का आकलन किया जाएगा। चकराता वन प्रभाग के पक्षी विशेषज्ञ प्रदीप सक्सैना ने बताया कि रविवार को होने वाली गणना की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सुबह नौ बजे से गणना शुरु कर दी जाएगी।