UTTARAKHAND LIVE

उत्तराखंड की खबरों से सरोकार

चुनाव जीतने के लिए गलत हथकंडे अपनाने का आरोप

देहरादून(आरएनएस)।  प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने सत्तारूढ़ दल भाजपा पर साम्प्रदायिकता, जातिवाद एवं झूठ का सहारा लेने का आरोप लगाया है। पार्टी का आरोप है कि भाजपा ऐसा अपनी नाकामियों को छुपाने के लिए कर रही है। ताकि चुनाव में जनता को बरगलाया जा सके। प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय में शनिवार को आयोजित वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं की बैठक में तमाम मुद्दों पर चर्चा की गई। प्रदेश महामंत्री संगठन विजय सारस्वत ने चुनाव के अंतिम चरण में चल रहे चुनाव प्रचार की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने विभिन्न ब्लाक कांग्रेस अध्यक्षों और पार्षद प्रत्याशियों से दूरभाष पर वार्ता कर उनके क्षेत्र में चल रहे चुनाव प्रचार की जानकारी लेकर प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा को अवगत कराया। सारस्वत ने कहा कि भाजपा के नेता और मुख्यमंत्री धामी जिस प्रकार अपनी सरकार की नाकामियों को छिपाने के लिए जिस प्रकार के हथकंडों का सहारा ले रहे हैं और हिन्दू-मुस्लिम का राग अलाप रहे हैं, उससे ऐसा प्रतीत हो रहा है कि भाजपा ने चुनाव से पहले ही अपनी हार स्वीकार कर ली है। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा का संगठन पूरी तरह से समाप्त हो गया है। वे साम्प्रदायिकता और कांग्रेस के भगोड़े नेताओं के सहारे चुनावी वैतरणी पार करना चाहते हैं।
बैठक में प्रदेश कन्ट्रोल रूम इंचार्ज अवधेश पंत, को-इंचार्ज गोपाल गडिया, प्रदेश प्रवक्ता शीशपाल सिंह बिष्ट, अमरजीत सिंह, गिरिराज किशोर हिन्दवान, डॉ. प्रेम बहुखंडी, महंत विनय सारस्वत, सुनील जायसवाल आदि उपस्थित थे।