UTTARAKHAND LIVE

उत्तराखंड की खबरों से सरोकार

कांग्रेस ने विधायक प्रकरण में सरकार का पुतला फूंका

अल्मोड़ा। द्वाराहाट के विधायक महेश नेगी के खिलाफ अब तक कोई कार्रवाई नहीं होने से कांग्रेस कार्यकर्ता खफा हैं। नाराज कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को गांधी पार्क चौघानपाटा में प्रदेश सरकार पुतला दहन किया। सरकार पर विधायक का बचाव करने का आरोप लगाते हुए नारेबाजी की। जिलाध्यक्ष पीताबंर पांडे के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दुष्कर्म के आरोपी द्वाराहाट से भाजपा विधायक के खिलाफ अभी तक कोई ठोस कार्रवाई ना होने पर गहरा रोष व्यक्त करते हुए प्रदेश सरकार का पुतला दहन किया। पांडे ने कहा कि लंबे समय बाद भी दुष्कर्म के आरोपी भाजपा विधायक का ना तो डीएनए टेस्ट कराया गया ना ही आरोपी विधायक की गिरफ्तारी हो पाई। इससे स्पष्ट होता है कि प्रदेश सरकार अपनी ताकत का गलत इस्तेमाल करके आरोपी विधायक को बचाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि यदि आरोपी विधायक की जगह कोई आम आदमी होता तो अभी तक उसे गिरफ्तार कर जेल में पहुंचा दिया होता। पांडे ने कहा कि कांग्रेस पार्टी किसी भी कीमत पर महिलाओं का उत्पीडऩ बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि यदि प्रदेश सरकार जल्द दोषी द्वाराहाट विधायक के खिलाफ कार्रवाई नहीं करती है तो कांग्रेस पार्टी आंदोलन करने को बाध्य होगी। इस मौके पर जिलाध्यक्ष पीतांबर पांडे, कांग्रेस नगर अध्यक्ष पूरन सिंह रौतैला,महिला जिलाध्यक्ष लता तिवारी,जिला प्रवक्ता राजीव कर्नाटक, जिला सचिव दीपांशु पांडे, पीसीसी सदस्य हर्ष कनवाल, प्रदेश ध्वजप्रभारी संजय दुर्गापाल, जिला सचिव दीपा साह, आई टी प्रकोष्ठ के प्रदेश सचिव शरद साह, ब्लाक अध्यक्ष राजेन्द्र बोरा, जिला सचिव राबिन भण्डारी, पंचायत प्रकोष्ठ संयोजक अमर बिष्ट, नगर सचिव फाकिर खान, पूर्व सभाषद मुकेश नेगी, क्षेत्र पंचायत सदस्य शेखर पांडे आदि मौजूद रहे।