अल्मोड़ा। जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार कार्यक्रम के तहत विकासखंड द्वाराहाट की न्याय पंचायत धुंधली में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों की ओर से आमजन की समस्याओं के समाधान के साथ-साथ जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया गया। शिविर के दौरान कुल 973 लाभार्थियों को अलग-अलग सरकारी योजनाओं से लाभान्वित किया गया। इस दौरान प्राप्त 158 शिकायतों में से 103 का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों को शीघ्र समाधान के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया। शिविर में विभिन्न प्रमाणपत्रों से जुड़े 153 आवेदन भी मौके पर ही भरवाए गए, जिससे लोगों को विभागीय कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़े। अधिकारियों ने आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए त्वरित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। स्थानीय लोगों ने शिविर की सराहना करते हुए इसे प्रशासन को जनता के करीब लाने की प्रभावी पहल बताया। कार्यक्रम का उद्देश्य प्रशासनिक प्रक्रियाओं को सरल बनाते हुए पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाना है। शिविर में उपजिलाधिकारी सौम्या गर्ब्याल, खंड विकास अधिकारी संतोष जेठी सहित जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
द्वाराहाट में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित, 973 लोगों को मिला योजनाओं का लाभ


