UTTARAKHAND LIVE

उत्तराखंड की खबरों से सरोकार

गर्जिया देवी जा रहे श्रद्धालुओं की गाड़ी पलटी, 14 घायल

रामनगर (नैनीताल)। अमरोहा से गर्जिया देवी मंदिर के दर्शन के लिए आ रहे श्रद्धालुओं की यात्रा मंगलवार को उस समय हादसे में बदल गई, जब उनका छोटा हाथी वाहन बिजली के पोल से टकराकर पलट गया। दुर्घटना में एक ही परिवार के 14 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को रामनगर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

हादसा रामनगर के शिवलालपुर चुंगी क्षेत्र के पास हुआ। बताया जा रहा है कि वाहन चला रहे चालक को झपकी आ गई, जिससे वह नियंत्रण खो बैठा और वाहन सीधे बिजली के पोल से जा टकराया। टक्कर इतनी तेज थी कि पोल क्षतिग्रस्त हो गया और वाहन पलट गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।

घटना के बाद सामने आया कि वाहन में क्षमता से अधिक लोग सवार थे। श्रद्धालुओं की ओवरलोडिंग की पुष्टि करते हुए एआरटीओ संदीप वर्मा ने कहा कि विभाग लगातार जांच अभियान चला रहा है, लेकिन कई बार श्रद्धालु चेकिंग के दौरान कर्मचारियों के साथ अभद्रता कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि अब हल्दुआ क्षेत्र में शटल बस सेवा शुरू की जाएगी, जिससे ओवरलोडिंग पर रोक लगे और श्रद्धालु सुरक्षित दर्शन कर सकें।

घायलों में शामिल गुड्डू ने बताया कि गाड़ी में काफी भीड़ थी और सभी को चोटें आई हैं। चन्नो देवी नामक महिला श्रद्धालु ने कहा कि वे सभी दर्शन के लिए निकले थे, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि इस तरह की दुर्घटना हो जाएगी।

संयुक्त चिकित्सालय, रामनगर की चिकित्सक डॉ. दीपा के अनुसार सभी घायलों का इलाज किया जा रहा है। कुछ को गंभीर चोटें हैं, लेकिन फिलहाल सभी की हालत स्थिर है और खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं।