UTTARAKHAND LIVE

उत्तराखंड की खबरों से सरोकार

हिमाद्रि हंस हैन्डलूम ने मनाया राष्ट्रीय हथकरघा दिवस

अल्मोड़ा।(हरीश त्रिपाठी)। 7 अगस्त को प्रत्येक वर्ष राष्ट्रीय हथकरघा दिवस के रूप में मनाया जाता है। इस अवसर पर आज दिनांक 7 अगस्त 2020 को हिमाद्रि हंस हैन्डलूम, ग्रामसभा मटेना, डीनापानी, अल्मोड़ा में इस दिवस को हर्षोउल्लास से मनाया गया। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में रघुनाथ सिंह चौहान विधानसभा उपाध्यक्ष, उत्तराखंड शासन, सांसद अजय टम्टा अल्मोड़ा ने इस उपलक्ष्य में बुनकरों को संबोधित किया एवं हथकरघा दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बताया कि भारत में बुनकरों का प्रयास सराहनीय है और यह बुनकरों के लिए एक गर्व का दिन है। बुनकरों को प्रोत्साहित करते हुए उन्होंने यह भी बताया की केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा बुनकरों के हितों के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही है। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि ललित लटवाल अध्यक्ष जिला सहकारी बैंक अल्मोड़ा एवं डॉ दीपक मुरारी महाप्रबंधक जिला उद्योग केन्द्र अल्मोड़ा, महिपाल सिंह बिष्ट जिला उपाध्यक्ष भारतीय जनता पार्टी अल्मोड़ा ने भी बुनकरों को सम्बोधित किया। हिमाद्री हंस हैन्डलूम के मुख्य कार्यकारी अधिकारी राजेश जैन द्वारा बताया गया कि कैसे हंस फाउन्डेशन संकट की इस घड़ी में अथक प्रयास कर रहा है। पिछले कई महिनों से लॉकडाउन की स्थिति में भी हिमाद्रि हंस हैन्डलूम अल्मोड़ा में कई प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाये जा रहे है जिनसे भविष्य में निश्चित रूप से रोजगार के कई अवसर प्राप्त होंगे। इस अवसर पर मुख्य अतिथि द्वारा बुनकरों को फेस मास्क भी वितरित किए गए। राष्ट्रीय हथकरघा दिवस के इस शुभअवसर पर आज प्रातः 11 बजे वस्त्र मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा एक वेबिनार का भी आयोजन किया गया था जिसे श्रीमती स्मृति जुबिन ईरानी, कपडा मंत्री भारत सरकार द्वारा देशभर के बुनकरों को सम्बोधित किया गया।