UTTARAKHAND LIVE

उत्तराखंड की खबरों से सरोकार

होली से पहले कानून व्यवस्था को लेकर एसएसपी ने की समीक्षा बैठक

अल्मोड़ा। होली और अन्य आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके ने पुलिस लाइन सभागार में जनपद के सभी थाना प्रभारियों और संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में कानून व्यवस्था, नशे पर नियंत्रण और पुलिसिंग व्यवस्था को और प्रभावी बनाने को लेकर आवश्यक निर्देश दिए गए। बैठक की शुरुआत में अधिकारियों और कर्मचारियों को होली की शुभकामनाएं दी गईं। इसके बाद एसएसपी ने त्योहारों के दौरान विशेष सतर्कता बरतने, संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने और प्रभावी गश्त के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शांति व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। एसएसपी ने नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति पर जोर देते हुए अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और सेवन पर सख्त कार्रवाई करने को कहा। साथ ही हिस्ट्रीशीटरों और आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों पर कड़ी निगरानी रखने, गुंडा और गैंगस्टर एक्ट के तहत निरोधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। शस्त्र लाइसेंस धारकों के सत्यापन और समयावधि पूर्ण होने पर नवीनीकरण या निरस्तीकरण की प्रक्रिया भी सुनिश्चित करने को कहा गया। उन्होंने बीट पुलिसिंग को सक्रिय करते हुए आमजन से संवाद बढ़ाने और थानों में आने वाले शिकायतकर्ताओं के साथ संवेदनशील व्यवहार करने पर भी जोर दिया। सोशल मीडिया पर निगरानी रखते हुए भ्रामक और अफवाह फैलाने वाली पोस्टों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए। बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक हरबन्स सिंह, क्षेत्राधिकारी रानीखेत विमल प्रसाद, क्षेत्राधिकारी अल्मोड़ा बलवन्त सिंह रावत, क्षेत्राधिकारी दूरसंचार राजीव कुमार टम्टा सहित सभी थाना और शाखा प्रभारी मौजूद रहे।