UTTARAKHAND LIVE

उत्तराखंड की खबरों से सरोकार

जागरूकता चौपाल में ग्रामीणों को महिला व साइबर सुरक्षा की दी जानकारी

अल्मोड़ा। महिला कोतवाली अल्मोड़ा द्वारा ग्रामसभा टाटिक में जागरूकता चौपाल का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के तहत आयोजित किया गया, जिसमें ग्रामीणों को महिला सुरक्षा, साइबर अपराध और नए कानूनों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। यह अभियान अल्मोड़ा पुलिस के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र पींचा के निर्देशों के क्रम में चलाया गया। कार्यक्रम में महिला कोतवाली की प्रभारी निरीक्षक जानकी भंडारी ने अपनी टीम के साथ चौपाल में उपस्थित ग्रामीणों से संवाद किया और विभिन्न विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। चौपाल के दौरान महिला सुरक्षा, साइबर सुरक्षा, नशे के दुष्परिणाम, घरेलू हिंसा, महिला उत्पीड़न, बाल विवाह और मानव तस्करी जैसे विषयों पर चर्चा की गई। इसके साथ ही नए आपराधिक कानून भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम के बारे में भी ग्रामीणों को जागरूक किया गया। आपात सेवाओं और सहायता के लिए डायल 112, महिला हेल्पलाइन 1090, साइबर हेल्पलाइन 1930 और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की जानकारी भी दी गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया और पूछे गए सवालों के माध्यम से अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की कि किसी भी प्रकार की समस्या या अपराध की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।