अल्मोड़ा। विकासखंड चौखुटिया में आयोजित क्षेत्र पंचायत की बैठक में क्षेत्र के सर्वांगीण विकास से जुड़े अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में ग्राम प्रधानों और क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याएं, सुझाव और अपेक्षाएं रखीं। बैठक के दौरान जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित पेयजल योजनाओं की प्रगति को लेकर चर्चा की गई। जनप्रतिनिधियों ने शेष कार्यों को शीघ्र पूरा कर ग्रामीणों को नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित किए जाने की आवश्यकता पर जोर दिया। अधिकारियों ने बताया कि लंबित कार्यों के शीघ्र निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए हैं। ग्रामीण सड़कों की स्थिति, स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता और शिक्षा से जुड़े विषय भी बैठक में प्रमुखता से उठे। जनप्रतिनिधियों ने क्षतिग्रस्त सड़कों के सुधारीकरण और स्वास्थ्य केंद्रों में सुविधाओं को सुदृढ़ करने की मांग की, ताकि आमजन को बेहतर सेवाएं मिल सकें। बैठक में महिला ग्राम प्रधानों और महिला क्षेत्र पंचायत सदस्यों की सक्रिय भागीदारी विशेष रूप से देखने को मिली। उन्होंने पेयजल, सड़क, स्वास्थ्य और महिला-शिशु कल्याण से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाते हुए योजनाओं के जमीनी स्तर पर बेहतर क्रियान्वयन की आवश्यकता बताई। प्रभारी चिकित्साधिकारी अमजद खान ने जानकारी दी कि उपजिला चिकित्सालय चौखुटिया को तीन विशेषज्ञ चिकित्सक मिल चुके हैं। साथ ही ऑपरेशन थिएटर को सुदृढ़ करने की प्रक्रिया भी प्रगति पर है, जिससे क्षेत्रवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी। बैठक में विधायक प्रतिनिधि नंदन सिंह मेहरा ने जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करने में आ रही दिक्कतों का विषय उठाया। इस पर मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा ने शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। वहीं क्षेत्र पंचायत सदस्य सिमलखेत कविता नेगी ने सिमलखेत में एएनएम सेंटर स्थापित किए जाने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा और कहा कि इससे गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं को समय पर टीकाकरण और स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी। ब्लॉक प्रमुख चेतना नेगी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए विषयों का समयबद्ध और प्रभावी निस्तारण किया जाए। उन्होंने बैठक में उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों का आभार जताया। मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा ने कहा कि जन समस्याओं का समाधान, बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना और पारदर्शी तरीके से गुणवत्तापरक सेवाएं देना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने सभी सुझावों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। बैठक में ब्लॉक प्रमुख चेतना नेगी, ज्येष्ठ प्रमुख जितेंद्र बंगारी, कनिष्ठ प्रमुख सुप्रिया, परियोजना निदेशक के एन तिवारी, जिला पंचायतराज अधिकारी राजेंद्र गुंज्याल, तहसीलदार तितिक्षा जोशी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
क्षेत्र पंचायत बैठक में पेयजल, सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा पर मंथन


