UTTARAKHAND LIVE

उत्तराखंड की खबरों से सरोकार

Advertisement

मुनकटिया में मलबा आने से तीन घंटे बाधित रहा केदारनाथ हाईवे

रुद्रप्रयाग(आरएनएस)। बीती रात से हुई तेज बारिश के चलते केदारनाथ हाईवे मुनकटिया में तीन घंटे बाधित रहा। प्रशासन और पुलिस द्वारा जल्द मार्ग पर जेसीबी लगाते हुए सुबह 10 बजे आवाजाही के लिए तैयार किया गया, जिसके बाद शटल सेवा शुरू होते ही यात्री गौरीकुंड के लिए रवाना हुए। इससे पहले मुनकटिया के समीप वैकल्पिक मार्ग से बड़ी संख्या में यात्री सुबह 7 बजे ही केदारनाथ रवाना हो गए। शुक्रवार रात से जनपद में जमकर बारिश हो रही है। बारिश से कोतवाली सोनप्रयाग क्षेत्र में मुनकटिया के समीप शटल सेवा के संचालन में उपयोग में आने वाला केदारनाथ हाईवे पर पहाड़ी से मलबा पत्थर आने से बाधित हुआ। रात से बाधित मार्ग सुबह 10 बजे आवाजाही के लिए खोला गया। यात्रा पर आए श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए सोनप्रयाग में यात्रियों को एक घंटे रोका गया। हालांकि इससे पहले कई युवा यात्री मुनकटिया में वैकल्पिक मार्ग से होते हुए केदारनाथ रवाना हुए। जबकि वृद्ध यात्रियों को शटल सेवा शुरू होने के बाद सोनप्रयाग से गौरीकुंड भेजा गया। पुलिस की मौजूदगी में जेसीबी से मुनकटिया में हाईवे पर गिरा मलबा हटाया गया, जिसके बाद आवाजाही सुचारु हुई।