UTTARAKHAND LIVE

उत्तराखंड की खबरों से सरोकार

एनएसयूआई ने लगाया पुलिसकर्मी पर युवक से मारपीट का आरोप

पौड़ी(आरएनएस)। एनएसयूआई ने शहर में एक पुलिस कर्मी पर एक युवक से मारपीट का आरोप लगाया गया है। एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों ने पुलिस जवान के खिलाफ जांच किए जाने और निलंबित किए जाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि पुलिस कर्मी द्वारा की गई अभद्रता किसी भी हाल में स्वीकार्य नहीं है। चेतावनी दी कि कार्रवाई नहीं किए जाने पर युवा उग्र आंदोलन करेंगे। एनएसयूआई के जिलाध्यक्ष राजेश भंडारी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधि मंडल ने सीओ सदर त्रिवेंद्र सिंह राणा से मुलाकात की। इस मौके पर भंडारी ने बताया कि बीते 15 सितंबर को एक छात्र अपनी स्कूटी पर सड़क किनारे बैठा था। इस दौरान एक वाहन वहां से गुजर रहा था। पुलिस के वाहन से एक पुलिस कर्मी उतरा और स्कूटी पर बैठे छात्र के साथ अभद्रता करने लगा। इस दौरान पुलिस कर्मी ने छात्र पर थप्पड़ जड़ दिया। आरोप लगाया कि पुलिस कर्मी ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। नगर पालिका पौड़ी के युवा सभासद गौरव सागर ने बताया कि घटना के बाद स्कूटी को चौपहिया वाहन दिखाकर चालान किया गया है। बताया कि इस दौरान हुई पूरी घटना सीसीटीवी में कैद है। उन्होंने प्रकरण की जांच कर पुलिस कर्मी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। एनएसयूआई व युवा कांग्रेस ने पुलिस कर्मी को तत्काल निलंबित किए जाने, सार्वजनिक रुप से छात्र से मांफी मांगने, वाहन को ससम्मान बिना चालानी कार्रवाई के स्वामी के सुपर्द किए जाने की मांग की है। कहा कि जल्द कार्रवाई नहीं होने पर उग्र आंदोलन किया जाएगा। सीओ सदर ने छात्रों को प्रकरण की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस अवसर पर पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष आस्कर रावत, आकाश रावत, दिवाकर सिंह आदि मौजूद रहे। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो: इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। टूरिस्ट गेस्ट हाउस को जाने वाले मार्ग के पास बने इस वीडियो में एक सरकारी वाहन से एक पुलिसकर्मी उतरता हुआ दिखाई दे रहा है। उतरने के बाद पुलिसकर्मी सड़क किनारे स्कूटी पर बैठे युवक की मोबाइल से फोटो लेने के बाद वह युवक को थप्पड़ जड़ देता है। हालांकि आरएनएस इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।