UTTARAKHAND LIVE

उत्तराखंड की खबरों से सरोकार

फर्जी ट्रैवल एजेंसी के नाम पर ऑनलाइन ठगी कर रहा ठग दिल्ली से पकड़ में आया

अल्मोड़ा। थाना भतरौजखान में पंजीकृत मुक़दमे में बीती 09 दिसम्बर को विवेचक मुकदमा उपनिरीक्षक ओम प्रकाश नेगी के द्वारा फर्जी ट्रैवल एजेंसी खोल कर लोगों को सस्ते टूर पैकेज के नाम पर ऑनलाइन ठगी करने वाले गिरोह के एक सदस्य को दिल्ली से गिरफ्तार किया गया है।

इस संबंध में थानाध्यक्ष भतरौजखान अनीस अहमद ने बताया कि भिकियासैंण निवासी मिथिलेश बिष्ट द्वारा माह नवंबर 2020 में अंडमान निकोबार के टूर के लिए एक पैकेज गूगल के माध्यम से ऑनलाइन बुक करवाने के लिए एजेंसी को सर्च किया गया तो टूर बाई नेचर नाम की एक एजेंसी के द्वारा सस्ता पैकेज देने का लालच देकर मिथिलेश बिष्ट से ₹34000 एजेंसी के खाते में डालने के लिए कहा गया। जिस पर मिथिलेश बिष्ट द्वारा दो किस्तों में कुल ₹34000.00 उक्त एजेंसी के खाते में डाल दिए गए, लेकिन टूर ट्रैवल एजेंसी के द्वारा बुक नहीं किया गया। अपने साथ ठगी होने का एहसास होने पर मिथलेश बिष्ट द्वारा 24 जुलाई 2020 को इस संबंध में थाना भतरौजखान में मुकदमा दर्ज करवाया गया था।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा पंकज भट्ट द्वारा साइबर ठगी के विरुद्ध कड़ा रुख अपनाते हुए विशेष टीम का गठन कर मामले का त्वरित अनावरण करने के निर्देश दिए गए। जिस पर मुकदमा विवेचक ओम प्रकाश नेगी के नेतृत्व में एक टीम का गठन कर सर्विलांस के आधार पर दिल्ली रवाना किया गया था। साइबर सैल की मदद से व बैंक विवरण के आधार पर बीती 09 दिसम्बर को अभियुक्त आकाश पांडे (23 वर्ष) पुत्र संजय पांडे निवासी हसनपुर पटपड़गंज इंदिरा कैंप पार्ट 1 नई दिल्ली को मैक्स हॉस्पिटल के पास दिल्ली से गिरफ्तार कर आवश्यक कार्यवाही की जा रही है।

पुलिस टीम में ये रहे शामिल-
उपनिरीक्षक ओमप्रकाश नेगी (चौकी प्रभारी भिकियासैण)
कानि0 शमीम अहमद
कानि0 श्यामसुंदर बिष्ट
कानि0 मोहन बोरा