UTTARAKHAND LIVE

उत्तराखंड की खबरों से सरोकार

विभिन्न कम्पनियों की 1500 से अधिक रिक्तियों के लिए 25 अक्टूबर को लगेगा रोजगार मेला, ऐसे करें रजिस्ट्रेशन

अल्मोड़ा। क्षेत्रीय सेवायोजन अधिकारी वाई0एस0 रावत ने बताया कि बेरोजगार अभ्यर्थियों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से वीएसवी इण्टर कालेज जसपुर में एक दिवसीय वृहद रोजगार/कौशल मेले का आयोजन 25 अक्टूबर को किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस मेले में 60 से अधिक कम्पनियाँ प्रतिभाग करेंगी, जिसमें 1500 से अधिक रिक्तियॉ प्राप्त हुई हैं। उन्होंने बताया कि कम्पनियाँ साक्षात्कार/लिखित परीक्षा के माध्यम से अभ्यर्थियों का चयन करेंगी। यह कम्पनियाँ उत्तराखण्ड राज्य में स्थापित सिडकुल पन्तनगर, सितारगंज, काशीपुर तथा अन्य राज्यों के प्रमुख औद्योगिक ईकाइयों के नियोजक टाटा मोटर्स, बजाज, नेस्ले, आईजीएल, वोल्टास, सनसेरा, नारी फार्मा, महिन्द्रा, लुकास, टीवीएस, ब्रिटानिया आदि जिसमें हाईस्कूल से कम, हाईस्कूल, इण्टरमीडिएट, स्नातक, स्नातकोत्तर, आई0टी0आई0 (सभी ट्रेड) पॉलीटैक्निक (सभी ट्रेड), एएनएम, जीएनएम, बीएससी नर्सिंग, सुरक्षा गार्ड/सुपरवाईजर, बीबीए, एमबीए, एचम, बीटेक, बी फार्मा, एम फार्मा आदि शैक्षिक एवं व्यवसायिक विभिन्न योग्यताधारियों को सवेतनिक रोजगार/कौशल प्रशिक्षण के साथ-साथ रोजगार के अनेक अवसर उपलब्ध हैं।

उन्होंने बताया कि प्रतिभागी कम्पनियों द्वारा योग्यता एवं अनुभव के आधार पर चयनितों के वेतन/भत्ते न्यूनतम श्रम कानून के अन्तर्गत देय होंगे। उन्होंने बताया कि रोजगार मेले में प्रतिभाग हेतु इच्छुक युवा nce.gov.in पर अपना ऑनलाईन पंजीकरण कर सकते है। अपरिहार्य कारणों से ऑनलाईन पंजीकरण न हो पाने की दशा में मेला दिवस में भी मेला स्थल पर आनलाईन पंजीकरण की व्यवस्था रहेगी। उन्होंने बताया कि इच्छुक प्रतिभागी अपने समस्त शैक्षिक योग्यता, व्यावसायिक योग्यता तथा स्थाई निवास प्रमाण पत्र की छायाप्रति व नवीनतम पासपोर्ट साइज फोटो एवं बायोडाटा के साथ उक्त मेले में प्रातः 9ः00 बजे उपस्थित रहना सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने बताया कि इस प्रयोजन हेतु किसी भी प्रकार का मार्ग व्यय देय नहीं होगा।