देहरादून(आरएनएस)। नगर निगम की मतदाता सूची में खामियां लगातार सामने आ रही हैं। सूची में कई लोगों के नाम गायब हैं। कुछ लोगों के नाम में त्रुटियां हैं। महिला को पुरुष और पुरुष को महिला दर्शाया गया है। जिससे लोग परेशान हैं। निवर्तमान पार्षद सुखवीर सिंह बुटोला ने बताया कि चंद्रबनी वार्ड के चोयला, चंद्रबनी, भूतोंवाला, धरावाली, अमर भारती, पित्थूवाला खुर्द, कैलाशपुर, पटियोंवाला क्षेत्र में कई पात्र लोगों के नाम सूची में नहीं हैं। कुछ लोगों के नाम गलत प्रिंट हुए हैं। जिससे उनको मतदान में दिक्कत आ सकती है। उन्होंने छूटे गए लोगों को सूची में शामिल करने के साथ ही त्रुटियां दूर करने की मांग की है। इधर, विजय रतूड़ी मार्ग निवासी अरुण कुमार शर्मा ने भी मतदाता सूची में गड़बड़ी का आरोप लगाया। कहा कि उनके परिवार के चार सदस्यों के नाम सूची में नहीं हैं। जबकि उनकी पत्नी 2018 के नगर निगम चुनाव मे कांग्रेस पार्टी से पार्षद प्रत्याशी रही है। सूची में मतदाताओं के नाम क्रम में नहीं है और निवास पते भी अंकित नहीं है। उन्होंने मतदाता सूची में सुधार करने की मांग की है।

Share This