UTTARAKHAND LIVE

उत्तराखंड की खबरों से सरोकार

मारपीट के बाद छात्र संदिग्ध परिस्थितियों में लापता

रुद्रपुर(आरएनएस)। सहपाठी छात्रों के साथ हुई मारपीट के बाद से छात्र संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। रविवार को लापता छात्र की मां ने पुलिस को तहरीर सौंपी है। रम्पुरा वार्ड नंबर 23 निवासी एक महिला ने पुलिस को दी तहरीर में कहा कि उसका बेटा शहर के एक प्रतिष्ठित स्कूल में पढ़ता है। दो दिन पूर्व उनके बेटे की स्कूल में पढ़ने वाले एक छात्र के साथ बहस हुई थी। आरोप है कि इस दौरान छात्र ने उनके बेटे से जाति सूचक शब्दों का प्रयोग करके अपमानित किया था। शनिवार शाम आठ बजे प्रीत विहार में उसी छात्र ने अपने साथियों के साथ मिलकर बेटे को घेर लिया। आरोप है कि इस दौरान उनके साथ मारपीट भी की गई। सड़क पर हंगामा देख लोगों की भीड़ एकत्र हुई। यह देख आरोपी फरार हो गए। आरोप है कि इस घटना के बाद उनका बेटा लापता हो गया है। उसकी उनकी काफी खोजबीन की, लेकिन कुछ पता नहीं चला। वहीं कोतवाल नवीन बुधानी ने बताया कि दूसरे पक्ष ने भी मारपीट करने का आरोप लगाया है। पुलिस लापता छात्र की तलाश कर रही है।