अल्मोड़ा। पांडेखोला स्थित प्राचीन खुटकुनी भैरव मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए शुक्रवार को मंदिर परिसर में सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए गए। मंदिर समिति की पहल पर लगाए गए इन कैमरों के माध्यम से परिसर की चौबीसों घंटे निगरानी की जा सकेगी, जिससे किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखने के साथ ही आवश्यकता पड़ने पर पुलिस जांच में भी सहायता मिलेगी। मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि पूर्व में मंदिर में दो बार चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। इन घटनाओं के बाद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई थी। इसी को देखते हुए समिति ने आधुनिक सीसीटीवी कैमरे लगाने का निर्णय लिया, ताकि मंदिर की सुरक्षा और अधिक सुदृढ़ हो सके तथा असामाजिक तत्वों पर प्रभावी निगरानी रखी जा सके। समिति का कहना है कि धार्मिक स्थलों की सुरक्षा केवल समिति ही नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। सीसीटीवी कैमरे लगने से श्रद्धालुओं को सुरक्षित वातावरण मिलेगा और किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में साक्ष्य उपलब्ध होने से जांच प्रक्रिया भी आसान होगी। इस पहल में नवदुर्गा समिति लक्ष्मेश्वर के अध्यक्ष सुनील कर्नाटक, खुटकुनी भैरव मंदिर समिति के अध्यक्ष हेम चंद्र जोशी, पार्षद त्रिलोचन जोशी, पार्षद अमित साह मोनू, पार्षद अभिषेक जोशी, पार्षद ज्योति साह, जगदीश उपाध्याय, दीवान सिंह बिष्ट, नमित जोशी, राजेंद्र सिंह भोज, पीयूष पांडे, हेमंत पांडे, गगन पांडे, भावेश पांडे, विक्की पांडे, हर्षवर्धन जोशी, मोहन चंद्र जोशी और रमेश चंद्र पंत का विशेष सहयोग रहा। स्थानीय श्रद्धालुओं ने मंदिर समिति के इस प्रयास की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि सीसीटीवी कैमरों की स्थापना से मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत होगी तथा भविष्य में चोरी जैसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने में मदद मिलेगी। समिति ने आगे भी मंदिर परिसर में सुरक्षा और सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार कार्य करने का भरोसा दिलाया।

Share This