अल्मोड़ा। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद, नई दिल्ली के पूर्व उप महानिदेशक (फसल विज्ञान) और विश्व बंगाल विश्वविद्यालय, पश्चिम बंगाल के संस्थापक कुलपति डॉ. स्वपन कुमार दत्ता ने बुधवार को राष्ट्रीय पादप जैव प्रौद्योगिकी संस्थान, नई दिल्ली के प्रधान वैज्ञानिक डॉ. तपन कुमार मंडल के साथ विवेकानंद पर्वतीय कृषि अनुसंधान संस्थान, अल्मोड़ा का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने संस्थान में चल रहे शोध कार्यों की समीक्षा की और फसल सुधार एवं प्रजनन कार्यक्रमों पर विशेष ध्यान दिया। संस्थान के निदेशक डॉ. लक्ष्मी कांत ने दोनों अतिथियों का स्वागत करते हुए संस्थान की प्रमुख शोध उपलब्धियों, भविष्य की शोध प्राथमिकताओं और योजनाओं की जानकारी दी। डॉ. दत्ता ने संस्थान की शोध पहलों और उपलब्धियों की सराहना करते हुए वैज्ञानिकों को नए दृष्टिकोण अपनाने और पारंपरिक सीमाओं से आगे बढ़कर अनुसंधान के नए रास्ते तलाशने के लिए प्रेरित किया। वैज्ञानिकों के साथ आयोजित संवादात्मक बैठक में डॉ. दत्ता ने शोध कार्यक्रमों को मजबूत बनाने के लिए विभिन्न वित्तीय संस्थाओं और शोध सहायता संगठनों से उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने पर जोर दिया। उन्होंने संस्थान के वैज्ञानिक योगदान की सराहना करते हुए निदेशक सहित पूरी टीम को शोध उपलब्धियों के लिए बधाई दी। डॉ. तपन कुमार मंडल ने उच्च स्तर की शोध परियोजनाएं शुरू करने, वैज्ञानिक परिणामों को अधिक प्रभावी बनाने और अन्य शोध संस्थानों के साथ रणनीतिक सहयोग विकसित करने की आवश्यकता बताई। उन्होंने वैज्ञानिकों से अपनी विशेषज्ञता साझा करने और उभरती कृषि चुनौतियों के समाधान के लिए सहयोगात्मक अनुसंधान को बढ़ावा देने का आह्वान किया। यह भ्रमण पर्वतीय क्षेत्रों में कृषि अनुसंधान को आगे बढ़ाने के लिए नए शोध दृष्टिकोण, संसाधन जुटाने और संस्थागत सहयोग की संभावनाओं को समझने का अवसर बना।

