UTTARAKHAND LIVE

उत्तराखंड की खबरों से सरोकार

अपर पुलिस अधीक्षक ने किया कोतवाली रानीखेत का निरीक्षण

अल्मोड़ा। अपर पुलिस अधीक्षक हरबन्स सिंह ने कोतवाली रानीखेत का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और कानून व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान थाना परिसर में सीसीटीएनएस कार्यालय, मालखाना और बंदी गृह सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की जांच की गई। इस दौरान आवश्यक सुधार के लिए दिशा-निर्देश भी दिए गए। अपर पुलिस अधीक्षक ने लंबित विवेचनाओं, प्राप्त शिकायतों और लंबित वारंटों की समीक्षा करते हुए उनके शीघ्र निस्तारण और शत-प्रतिशत तामीली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में बीट पुलिसिंग को प्रभावी बनाने, सत्यापन अभियान में तेजी लाने, आमजन में जागरूकता बढ़ाने और अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा। इसके साथ ही कार्यालय स्टाफ को अभिलेखों को अद्यतन और सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए गए। उन्होंने क्षेत्र में कानून व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। निरीक्षण के दौरान प्रभारी निरीक्षक भुवन चंद्र जोशी सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।