UTTARAKHAND LIVE

उत्तराखंड की खबरों से सरोकार

बाकुंडा में लापता नेपाली मजदूरों का नहीं चला पता

पौड़ी(आरएनएस)।  थलीसैंण के बाकुंडा में भारी मलबे और पानी के तेज बहाव की चपेट में आए नेपाली डेरे से लापता हुए 5 मजदूरों को लेकर एसडीआरएफ और पुलिस का रेस्क्यू अभियान हादसे के छठे दिन भी जारी रहा। बाकुंडा के गदेरे में इस बीच रेस्क्यू टीम को एक व्यक्ति का हाथ बरामद हुआ है। पौड़ी के एसएसपी लोकेश्वर सिंह ने बताया कि टीम ने एक व्यक्ति का हाथ बरामद किया है। इसका डीएन सैंपल लिया गया है । एसएसपी के मुताबिक बाजू से अलग हुए इस हाथ पर एक टेटो भी बना है। इसको लेकर संबंधितों से जानकारी जुटाई जा रही है और शिनाख्त की कोशिश भी की जा रही है। बीती 6 अगस्त को बाकुंडा के पास जगतपुरी-देहघाट मार्ग पर आए भारी मलबे की चपेट में यहां काम कर रहे नेपाली मजदूरों का डेरा आ गया था। जिसके बाद से इस डेरे में रह रहे 5 मजदूर लापता हो गए थे। तब से एसडीआरएफ और पुलिस की टीम इन लापता मजदूरों की खोजबीन में जुटी हुई है। बाकुंडा के जिस गदेरे से मलबा और पानी बहकर गया है वह बिनो नदी यहां से कुमाऊं की तरफ बहती है। यहां काफी खोजबीन के बाद भी जब लापता मजदूरों का कुछ पता नहीं चल सका तो सीमावर्ती अल्मोड़ा जिले की एसडीआरएफ और पुलिस टीम भी ने अपने क्षेत्र से सर्च ऑपरेशन शुरू किया हुआ है। मौके से रेस्क्यू टीम ने जो हाथ बरामद किया है उसको लेकर पौड़ी की डीएम स्वाति भदौरिया ने बताया है कि इस मामले में पुलिस की रिपोर्ट मिली है आगे की कार्यवाही की जा रही है। खोजबीन को लेकर टीमों को अभी भी लगा रखा है।