UTTARAKHAND LIVE

उत्तराखंड की खबरों से सरोकार

बीएलओ, सुपरवाइजर और बीएलए को दिया गया एसआईआर प्रशिक्षण

अल्मोड़ा। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के सफल संचालन को लेकर जनपद की विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ), सुपरवाइजरों, बूथ लेवल एजेंटों (बीएलए) तथा अन्य संबंधित कार्मिकों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अंशुल सिंह के निर्देशन में संपन्न हुआ। अल्मोड़ा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र ने प्रतिभाग किया। उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे कार्मिकों से निर्वाचन संबंधी कार्यों की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रशिक्षण को गंभीरता और एकाग्रता के साथ ग्रहण करने की अपील की। अपर जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी को अपने दायित्वों और जिम्मेदारियों की पूरी जानकारी होना आवश्यक है। उन्होंने प्रतिभागियों को प्रशिक्षण के दौरान सभी प्रक्रियाओं और बारीकियों को ध्यानपूर्वक समझने तथा किसी भी प्रकार की शंका होने पर उसका समाधान प्राप्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने मास्टर ट्रेनरों से भी कहा कि प्रशिक्षणार्थियों की सभी जिज्ञासाओं का समाधान किया जाए और उन्हें पूरी तरह प्रशिक्षित किया जाए, ताकि आगामी कार्यों के निष्पादन में किसी प्रकार की त्रुटि न हो। प्रशिक्षण के दौरान विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के विभिन्न चरणों, गणना प्रपत्रों के उपयोग, अभिलेखों के रखरखाव तथा क्षेत्रीय स्तर पर किए जाने वाले कार्यों की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी कार्यों को समयबद्ध और त्रुटिरहित ढंग से संपादित करने पर विशेष जोर दिया गया। जनपद की अल्मोड़ा, द्वाराहाट, सल्ट, रानीखेत और सोमेश्वर विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित इन प्रशिक्षण कार्यक्रमों में संबंधित कार्मिकों ने भाग लेकर निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़ी आवश्यक जानकारियां प्राप्त कीं।