UTTARAKHAND LIVE

उत्तराखंड की खबरों से सरोकार

चोरी हुए मोबाइल का सिम पोर्ट करा खाते से उड़ाए 2.83 लाख रुपये

देहरादून(आरएनएस)। देहरादून में साइबर अपराध का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। शक्ति विहार, माजरा निवासी प्रदीप सिंह के चोरी हुए मोबाइल का सिम पोर्ट कराकर इसके बाद उनके खाते से 2.83 लाख रुपये ट्रांसफर कर लिए गए। मामले में पटेलनगर कोतवाली पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की है। प्रदीप सिंह ने अपनी शिकायत में बताया कि 26 मई 2025 को उनका रियलमी मोबाइल फोन घर से निकलते समय कहीं गिर गया। जिसकी शिकायत उन्होंने स्थानीय थाने में दर्ज कराई थी। इसके बाद 28 मई को जब वे अपने मोबाइल नंबर का सिम दोबारा निकलवाने एयरटेल स्टोर गए तो उन्हें पता चला कि उनका सिम जियो कंपनी में पोर्ट कर दिया गया है। जियो कार्यालय में संपर्क करने पर पता चला कि उक्त नंबर अब अभिषेक नामक व्यक्ति के नाम पर रजिस्टर्ड हुआ है। प्रदीप सिंह ने बताया कि उनका यह मोबाइल नंबर उनके बैंक खाते से जुड़ा था। दो जून को जब उन्होंने अपने खाते की शेष राशि की जांच की तो खाता शून्य पाया गया। बैंक से मिली स्टेटमेंट में खुलासा हुआ कि उनके खाते से 2.83 लाख रुपये ऑनलाइन बैंकिंग के माध्यम से निकाले गए हैं। स्टेटमेंट में अभिषेक नाम के शख्स के यह राशि निकालने की पुष्टि हुई। इसके बाद प्रदीप ने पुलिस को शिकायत दी। इंस्पेक्टर पटेलनगर सीबीएस अधिकारी ने बताया कि मामले धोखाधड़ी से रकम निकालने की धाराओं में केस दर्ज कर जांच की जा रही है।