UTTARAKHAND LIVE

उत्तराखंड की खबरों से सरोकार

मुख्यमंत्री धामी ने भी की अपील-राष्ट्र हित में ऊर्जा संसाधनों की बचत करें

देहरादून(आरएनएस)। ऊर्जा संसाधनों की बचत की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सभी राज्यवासियों से राष्ट्रहित में ऊर्जा मितव्ययिता का आह्वान किया। सोमवार को मीडिया को जारी बयान में मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रहित में ऊर्जा संसाधनों की बचत सभी का सामूहिक उत्तरदायित्व है। प्रधानमंत्री की अपील केवल आर्थिक बचत के लिए नहीं बल्कि आत्मनिर्भर और सशक्त भारत के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि सभी लोग अनावश्यक विदेश यात्रा को टालना, स्थानीय और स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता, पेट्रोल डीजल की खपत कम करने के लिए सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करना, ऊर्जा संसाधनों की बचत करने का संकल्प ले लें तो यह देश की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान होगा। इसके साथ ही एक साल के लिए स्वर्ण आभूषणों की खरीद से बचना, खेती में रासायनिक उर्वरक की बजाय प्राकृतिक खाद का इस्तेमाल करना और खाद्य तेल का संयमित उपयोग करने जैसे संकल्प राष्ट्रहित में बेहद महत्वपूर्ण हैं।
देवभूमि के नागरिक हमेशा राष्ट्र हित में अग्रणी रहे हैं। वोकल फॉर लोकल और आत्मनिर्भर भारत का संकल्प तभी सफल होगा जब हर नागरिक अपने स्तर पर योगदान दे। मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि राज्य की जनता प्रधानमंत्री के आह्वान को जन आंदोलन का रूप देगी। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है और सभी नागरिकों की सहभागिता से ये संकल्प और अधिक मजबूत होगा।