UTTARAKHAND LIVE

उत्तराखंड की खबरों से सरोकार

कांग्रेस की नगर और ब्लॉक इकाइयां भंग

रुद्रपुर(आरएनएस)। लोकसभा चुनाव में जिले में पार्टी के खराब प्रदर्शन को देखते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष हिमांशु गावा ने प्रदेश प्रभारी शैलजा कुमारी और प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा की संस्तुति पर काशीपुर और रुद्रपुर महानगर को छोड़कर जिले की सभी नगर, ब्लॉक इकाइयों के साथ ही नगर पंचायतों में बनाई गई कमेटियां भंग कर दी हैं। जिलाध्यक्ष ने कहा कि सभी इकाइयों में जल्द ही कर्मठ और निष्ठा से काम करने वाले कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी।जिलाध्यक्ष हिमांशु ने बुधवार को प्रेस को जारी बयान में बताया कि लोकसभा चुनाव में पार्टी का प्रदर्शन निराशाजनक रहा है। पार्टी जनादेश को स्वीकार करती है और जो भी कमियां रह गई हैं, उन्हें दूर किया जायेगा। आगामी निकाय चुनाव में गलतियों की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए जिलेभर में सभी इकाइयों के कामकाज की समीक्षा की जाएगी। बताया कि पार्टी हाईकमान पूरे प्रदेश में पार्टी को नये सिरे से मजबूत बनाने के लिए रणनीति बना रहा है। उन्होंने कहा कि आगामी निकाय चुनाव में पार्टी की जीत सुनिश्चित करने के लिए ठोस रणनीति बनाकर काम किया जाएगा। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से निकाय चुनाव की तैयारियों में जुटने का भी आह्वान किया। बताया कि भंग की गई सभी इकाइयों का शीघ्र पुनर्गठन किया जाएगा।