UTTARAKHAND LIVE

उत्तराखंड की खबरों से सरोकार

कांग्रेस नेता अर्नगल बयानबाजी से बाज आयें तथा एकजुटता का परिचय दें: मदन बिष्ट

अल्मोड़ा। आज एक प्रेस वार्ता में द्वाराहाट के पूर्व विधायक मदन बिष्ट ने कहा कि वर्तमान में जनता बेरोजगारी एवं महंगाई से त्रस्त हो चुकी है। अपराधों के मामलों में भी उत्तराखंड में काफी बढ़ोत्तरी हुई है। कांंग्रेस पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव में पचास से अधिक सीटें जीतकर आयेगी और मजबूती से अपनी सरकार बनाएगी। भाजपा की सरकार को साढ़े चार वर्षों से अधिक का समय बीत चुका है परन्तु अल्मोड़ा में पूर्ववर्ती कांंग्रेस सरकार में बने मेडिकल कालेज को तक भाजपा की यह डबल इंजन सरकार अभी तक संचालित नहीं करा पाई है। मदन बिष्ट ने कांंग्रेस पार्टी के बड़े नेताओं से यह अपील भी की है कि वे अर्नगल बयानबाजी से बाज आयें तथा एकजुटता का परिचय दें। उन्होंने कहा कि बड़े नेताओं की बयानबाजी से एक आम कार्यकर्ता का मनोबल टूटता है जो कि सही नही है। उन्होंने कहा कि आज उत्तराखंड की जनता बेरोजगारी और महंगाई से बुरी तरह त्रस्त है। परन्तु भाजपा की यह सरकार केवल जुमलेबाजी में व्यस्त है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार केवल कोरी घोषणाएं कर रही है और स्वयं अपनी पीठ थपथपा रही है और भाजपा सरकार यह जान ले कि इस सरकार के दिन अब हवा हुए। आने वाले विधानसभा चुनाव में जनता कांंग्रेस को सत्ता में लाने का पूरा मन बना चुकी है। और निश्चित रूप से 2022 के विधानसभा चुनाव में कांंग्रेस की सरकार बनेगी। प्रेस वार्ता में जिलाध्यक्ष पीताम्बर पान्डेय, कांग्रेस वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष तारा चन्द्र जोशी, जिला उपाध्यक्ष पारितोष जोशी, मनोज पाठक, जिला पंचायत सदस्य जीवन भण्डारी, कांंग्रेस सेवादल जिलाध्यक्ष महेन्द्र बिष्ट, जिला सचिव दीपांशु पान्डेय उपस्थित रहे।