UTTARAKHAND LIVE

उत्तराखंड की खबरों से सरोकार

कांग्रेस नेताओं ने किया सरकार के खिलाफ प्रदर्शन

देहरादून। कांग्रेस नेता राहुल गांधी को मानहानि मामले में मिली सजा गुजरात हाईकोर्ट से भी बरकार रहने की सूचना मिलने पर, कांग्रेस नेताओं ने शुक्रवार को प्रदेश में कई जगह सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा के नेतृत्व में नेताओं ने कांग्रेस भवन के निकट क्वालिटी चौक पर जमा होकर, केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इस मौके पर करन महरा ने कहा कि राहुल गांधी को सरकार की आलोचना करने की सजा मिली है। ईडी, सीबीआई जैसी एजेंसियों का दुरुपयोग करके विपक्ष और आलोचकों का दमन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी लगातार सीमा पर चीन का अतिक्रमण, अडानी मामला उठाकर सरकार को घेर रहे हैं, इसलिए उनकी संसद सदस्यता समाप्त की गई है। उन्हेांने कहा कि पूरे देश की जनता इसके खिलाफ राहुल गांधी के साथ खड़ी है। प्रदेश उपाध्यक्ष मथुरा दत्त जोशी ने बताया कि सजा बरकरार रखने की सूचना मिलने के बाद कांग्रेस नेताओं ने देहरादून के साथ ही पौड़ी, हरिद्वार, ऋषिकेश के साथ ही कुमांऊ में भी स्वत:स्फूर्त तरीके से प्रदर्शन किया है। इस मौके पर महानगर अध्यक्ष डॉ जसविंदर सिंह गोगी, महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला ,मनीष नागपाल, नवीन जोशी, गरिमा दसौनी, अमरजीत सिंह ,सत्या पोखरियाल, मोहित उनियाल ,लक्ष्मी अग्रवाल ,उर्मिला थापा, राजेश पुंडीर भी शामिल हुए।