UTTARAKHAND LIVE

उत्तराखंड की खबरों से सरोकार

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने किया तीर्थपुरोहितों के धरने का समर्थन

नई टिहरी। देवप्रयाग तीर्थ पुरोहित समाज का बदरीनाथ में मास्टर प्लान की विस्थापन नीति के खिलाफ चल रहे धरना प्रदर्शन का प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा ने समर्थन किया है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पूरी कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे पर प्रभावितों के साथ है। दो दिवसीय गढ़वाल दौरे से लौटते समय कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने देवप्रयाग से वीडियो कॉल के माध्यम से धरना प्रदर्शन कर रहे तीर्थ पुरोहितों से बदरीनाथ में बात की। उन्होंने कहा कि मास्टर प्लान के नाम पर तीर्थ पुरोहितों को बदरीनाथ धाम में उनके हक हकूको से वंचित किए जाने का कांग्रेस विरोध करती है। बदरीनाथ का आज जो स्वरूप है, वह तीर्थ पुरोहितों के पूर्वजों की त्याग व तपस्या का ही फल है। उन्होंने कहा कि, हिंदुओं के पावन धाम को पर्यटन स्थल नहीं बनने दिया जायेगा। उत्तराखण्ड दौरे पर आ रहे राहुल गांधी को भी बदरीनाथ धाम मास्टर प्लान के प्रभावितों की समस्याओं से अवगत कराया जायेगा। उन्होंने श्री बदरीश पंडा पंचायत कोषाध्यक्ष अशोक टोडरिया, सदस्य प्रमोद नारायण मेवाडगुरु, अजय बंदोलिया सहित श्री बदरीनाथ धाम संघर्ष समिति अध्यक्ष डॉ. जमुना प्रसाद रैवानी आदि से बात कर उनको अपना समर्थन व्यक्त किया। इस मौके पर तीर्थपुरोहित व प्रदेश कांग्रेस सदस्य नंदन टोडरिया, राकेश पंचभैया, जिलाध्यक्ष उत्तम सिंह असवाल, दर्शन भारती आदि मौजूद रहे।