अल्मोड़ा। थाना दन्या और थाना द्वाराहाट की पुलिस टीमों ने अपने-अपने क्षेत्रों में ग्राम प्रहरियों के साथ बैठक कर उन्हें ग्रामीण सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बनाए रखने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। शनिवार को आयोजित बैठकों में दन्या थानाध्यक्ष जसविंदर सिंह और द्वाराहाट थानाध्यक्ष अवनीश कुमार ने बैठक के दौरान पुलिस अधिकारियों ने ग्राम प्रहरियों से उनके क्षेत्रों की स्थिति और गतिविधियों की जानकारी ली। उन्हें निर्देशित किया गया कि वे अपने गांवों में किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, आपसी रंजिश, विवाद या झगड़े की स्थिति में तत्काल थाने को सूचित करें। साथ ही नशा संबंधी गतिविधियों पर विशेष नजर रखने को कहा गया। यदि किसी व्यक्ति द्वारा गांव में नशीले पदार्थों की बिक्री या खेती की जा रही हो तो उसकी जानकारी तुरंत पुलिस को देने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि ग्राम प्रहरियों की सतर्कता और सक्रिय भागीदारी से न केवल अपराधों पर अंकुश लगाया जा सकता है, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में शांति व कानून व्यवस्था भी बेहतर बनी रह सकती है।
दन्या व द्वाराहाट थानों में हुई ग्राम प्रहरियों की बैठक


