देहरादून(आरएनएस)। एसटीएफ उत्तराखंड व दून पुलिस ने राजधानी देहरादून में बड़ी वारदात की फिराक में घूम रहे कुख्यात सुनील राठी गैंग के दो शूटरों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए बदमाशों के पास से दो पिस्टल और कारतूस बरामद हुए हैं। आरोपित एक काली स्कॉर्पियो-एन गाड़ी में सवार होकर सहस्रधारा रोड की तरफ किसी प्रापर्टी डीलर से रंगदारी और विवादित जमीन की रकम वसूलने जा रहे थे। एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि पौड़ी जेल में बंद कुख्यात सुनील राठी अपने गैंग के जरिए देहरादून में रंगदारी और हत्या की खौफनाक साजिश रच रहा था। एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि गुरुवार रात सूचना पर बदमाश भानु चौधरी निवासी सहारनपुर यूपी और पारस निकासी मुजफ्फरनगर यूपी को गिरफ्तार किया गया है। पारस पूर्व में कुख्यात संजीव जीवा गैंग का गुर्गा रह चुका है। जीवा की मौत के बाद वह सुनील राठी के संपर्क में आया।

Share This