UTTARAKHAND LIVE

उत्तराखंड की खबरों से सरोकार

धनतेरस और दीपावली पर अल्मोड़ा नगर की यातायात व्यवस्था में आंशिक परिवर्तन

अल्मोड़ा। धनतेरस और दीपावली पर्व पर बढ़ती भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने अल्मोड़ा नगर की यातायात व्यवस्था में अस्थायी परिवर्तन किए हैं। यह व्यवस्था 18 अक्तूबर से 21 अक्तूबर तक प्रभावी रहेगी। यातायात पुलिस के अनुसार 18 अक्तूबर को जलाल तिराहे से लिंक रोड की ओर आने वाले सभी चारपहिया वाहनों का प्रवेश पूर्ण रूप से बंद रहेगा। इन वाहनों को बेस तिराहा करबला मार्ग से नगर में प्रवेश की अनुमति होगी। इसी प्रकार 18 से 21 अक्तूबर तक फायर स्टेशन से शिखर तिराहा की ओर आने वाले सभी चारपहिया वाहनों को एलआरसाह रोड पर प्रतिबंधित किया गया है। इन वाहनों को एनटीडी से धारानौला या सैल बैण्ड मार्ग से नगर में प्रवेश करना होगा। रविवार, 19 अक्तूबर को नगर की माल रोड पर अन्य दिनों की तरह वन-वे यातायात व्यवस्था लागू रहेगी। वहीं 18 से 21 अक्तूबर तक पटाल बाजार क्षेत्र में दोपहिया वाहनों का प्रवेश पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेगा। भीड़भाड़ की स्थिति को देखते हुए यातायात पुलिस ने कहा है कि आवश्यकता पड़ने पर यातायात व्यवस्था में तात्कालिक परिवर्तन भी किए जा सकते हैं। उपरोक्त के अतिरिक्त नगर की शेष यातायात व्यवस्था पूर्ववत रहेगी।