UTTARAKHAND LIVE

उत्तराखंड की खबरों से सरोकार

डीएम ने हिमाद्रि हैंडलूम का किया निरीक्षण

अल्मोड़ा। जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने डीनापानी स्थित हिमाद्रि हैंडलूम का निरीक्षण कर वहां संचालित गतिविधियों और कार्यों की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने संस्थान में तैयार किए जा रहे शॉल, ऊनी वस्त्र और हस्तशिल्प उत्पादों का अवलोकन करते हुए उनके उत्पादन, कच्चे माल की आपूर्ति और विपणन व्यवस्था के बारे में जानकारी प्राप्त की। हस्तनिर्मित उत्पादों को देखकर जिलाधिकारी ने प्रसन्नता जताई और यहां कार्यरत महिलाओं के कार्यों की सराहना की। उन्होंने बुनकर महिलाओं से बातचीत कर उनकी आजीविका और आय से संबंधित जानकारी भी ली। जिलाधिकारी ने कहा कि यह पहल महिला सशक्तिकरण का सशक्त उदाहरण है, जहां महिलाएं कार्य कर आत्मनिर्भर बन रही हैं। उन्होंने बताया कि संस्थान में 48 महिला बुनकर कार्यरत हैं, जबकि 9 महिलाएं फैशन डिजाइनिंग से जुड़ी हैं। उन्होंने कहा कि इस संस्थान के विस्तार के लिए प्रयास किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक महिलाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा सकें। निरीक्षण के दौरान परियोजना निदेशक ग्राम्य विकास अभिकरण केएन तिवारी, हिमाद्रि हैंडलूम से मुक्ति दत्ता सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।