UTTARAKHAND LIVE

उत्तराखंड की खबरों से सरोकार

डॉ कपिल नयाल को ‘टीचर ऑफ द ईयर 2020’ पुरस्कार से किया गया सम्मानित

अल्मोड़ा। ऑनलाइन आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम में डॉ कपिल नयाल प्रवक्ता रसायन विज्ञान एवं इंचार्ज अटल टिंकरिंग लैब राजकीय इंटर कॉलेज हवालबाग(अल्मोड़ा) को दिव्य हिमगिरी आर्गेनाईजेशन की ओर से दी ‘टीचर ऑफ द ईयर 2020’ अवार्ड से सम्मानित किया गया है। यह पुरस्कार उन्हें विगत 21 वर्षों से शिक्षा के क्षेत्र में उललेखनीय कार्य एवं नवाचारों हेतु प्रदान किया गया है। डॉ कपिल नयाल ने 1999 से अब तक लगातार उत्कृष्ट परीक्षा परिणामों के साथ ही विज्ञान से जुड़े सभी कार्यक्रमों में जनपद व राज्य स्तर पर उल्लेखनीय कार्य किया है। वे 2006 में लोक सेवा आयोग से 4th रैंक में प्रवक्ता रसायन विज्ञान के पद पर चयनित हुए। 2016 में उनका चयन राजकीय आदर्श इंटर कॉलेज हवालबाग के लिए हुआ। उन्होंने विगत 6 वर्षों से शिक्षकों को विज्ञान प्रशिक्षण एवं साथ ही जनपद अल्मोड़ा के समस्त कार्मिकों को चुनाव प्रशिक्षण प्रदान किया है।डॉ नयाल के कई विद्यार्थी इंसपायर अवार्ड के अंतर्गत ‘स्कॉलरशिप फ़ॉर हायर एजुकेशन’के लिए चयनित हुए हैं।
डॉ कपिल नयाल के मार्गदर्शन में कई छात्रों ने राष्ट्रीय कार्यशाला में प्रतिभाग किया है साथ ही उनके कठिन परिश्रम से ही राजकीय इंटर कॉलेज हवालबाग में नीति आयोग के अंतर्गत अटल टिंकरिंग लैब की स्थापना हो पायी। वे अटल टिंकरिंग लैब के माध्यम से विद्यार्थियों को कई इनोवेटिव मॉडल्स बनाने में मार्गदर्शन दे चुके हैं। अटल टिंकरिंग लैब में जनपद के लगभग 20 विद्यालयों के बच्चे भ्रमण कर नई नई तकनीकों को सीख चुके हैं। उनके मार्गदर्शन में अटल टिंकरिंग लैब को ‘स्टार अटल ऑफ इंडिया’ के लिए चयनित किया गया है। उनके द्वारा बनाये गए यूट्यूब चैनल ‘केमिस्ट्री विद डॉ कपिल नयाल’ से जनपद व राज्य के कई विद्यार्थी लाभान्वित हो चुके हैं।
इसके साथ ही डॉ कपिल नयाल कोसी पुनर्जनन अभियान कार्यक्रम एवं वृहत वृक्षारोपण कार्यक्रमों से भी जुड़े हैं।
टीचर ऑफ द ईयर अवार्ड 2020 NCERT नई दिल्ली, विद्यालयी शिक्षा विभाग, उत्तराखंड तकनीकी शिक्षा बोर्ड, उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय देहरादून, आदि संस्थाओं के एवं दिव्य हिमगिरि के सम्मिलित सहयोग से प्रदान किया गया है। इस कार्यक्रम में मुख्य सचिव ओम प्रकाश के साथ ही कई विश्वविद्यालयों के कुलपति व शिक्षाविद उपस्थित थे।