UTTARAKHAND LIVE

उत्तराखंड की खबरों से सरोकार

ईवीएम वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था का जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण

अल्मोड़ा। जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने स्यालीधार स्थित ईवीएम वेयरहाउस का निरीक्षण कर वहां की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने वेयरहाउस में स्थापित सुरक्षा मानकों, सीसीटीवी कैमरों, डबल लॉक सिस्टम और प्रवेश नियंत्रण व्यवस्था का अवलोकन किया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि ईवीएम वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए ईवीएम की सुरक्षा अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए निर्धारित मानकों के अनुसार नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए। निरीक्षण के दौरान वेयरहाउस परिसर में तैनात सुरक्षा कर्मियों की ड्यूटी व्यवस्था तथा रजिस्टरों की भी जांच की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि वेयरहाउस में प्रवेश करने वाले प्रत्येक व्यक्ति का पूरा विवरण रजिस्टर में दर्ज किया जाए और सुरक्षा प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। इस दौरान तहसीलदार ज्योति धपवाल, भरत सिंह रावत, राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि सहित अन्य संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।