UTTARAKHAND LIVE

उत्तराखंड की खबरों से सरोकार

हूटर बजाकर नियम तोड़ने वाले सत्ताधारी दल के पदाधिकारी पर कार्रवाई की मांग

अल्मोड़ा। कांग्रेस के नगर महामंत्री (संगठन) वैभव पांडे ने कहा है कि अनुशासन और जीरो टॉलरेंस का दावा करने वाली सत्ताधारी पार्टी के कुछ संगठन पदाधिकारी खुलेआम नियमों की अवहेलना कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि हाल ही में नगर की माल रोड से एक सत्ताधारी दल के संगठन पदाधिकारी हूटर लगी गाड़ी में निकलते देखे गए, जबकि प्रशासन मूकदर्शक बना रहा।

वैभव पांडे ने कहा कि हूटर का प्रयोग उच्चतम न्यायालय, केंद्र सरकार और उच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों का उल्लंघन है, लेकिन इसके बावजूद न तो पुलिस विभाग और न ही परिवहन विभाग ने कोई कार्रवाई की। उन्होंने कहा कि दो दिन पूर्व उक्त पदाधिकारी की हूटर लगी गाड़ी नगर की व्यस्त सड़क से गुजरी, जिसकी तस्वीरें और खबरें समाचार पत्रों में भी प्रकाशित हुईं, लेकिन प्रशासन ने न तो गाड़ी को रोका और न ही उसका चालान किया।

उन्होंने कहा कि आम जनता के लिए जो नियम लागू होते हैं, वही सत्ताधारी दल के लोगों पर भी समान रूप से लागू होने चाहिए। वैभव पांडे ने सवाल उठाया कि क्या मुख्यमंत्री इस मामले में संज्ञान लेकर अपनी ही पार्टी के पदाधिकारी के खिलाफ कार्रवाई करेंगे या नहीं।

उन्होंने पुलिस और परिवहन विभाग से मांग की कि नियमों की अवहेलना करने वाले उक्त संगठन पदाधिकारी की गाड़ी का चालान किया जाए और उससे हूटर तुरंत हटवाया जाए, ताकि जनता के बीच गलत संदेश न जाए।