UTTARAKHAND LIVE

उत्तराखंड की खबरों से सरोकार

झाझरा रेंज में वन विभाग का बड़ा एक्शन: अवैध लकड़ी कारोबार का पर्दाफाश

ग्रामीण की सूचना पर वन विभाग ने कंपनी के टीन शेड से बरामद किया शीशम-खैर का माल, पिकअप सीज

विकासनगर(आरएनएस)। देहरादून के झाझरा रेंज में वन विभाग को देर रात एक बड़ी सफलता मिली। ग्रामीणों से मिली पुख्ता सूचना पर विभाग की टीम ने आरक्षित वन क्षेत्र में दबिश दी और अवैध लकड़ी कारोबार का पर्दाफाश किया। कार्रवाई के दौरान एक महिंद्रा पिकअप वाहन पकड़ा गया, जो प्रतिबंधित पेड़ों की कटाई कर लकड़ी ले जाने में इस्तेमाल हो रहा था। वाहन को मौके पर ही सीज कर लिया गया।
जांच में टीम को कंपनी के टीन शेड से शीशम के कई पीस और दो खैर के गिल्टे बरामद हुए। यह वाहन कैलाश रिवर बेड माइनिंग कंपनी से जुड़ा बताया जा रहा है, जिससे अवैध खनन और वन तस्करी के गठजोड़ की आशंका और गहरी हो गई है।
वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और इसमें शामिल सभी दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि आरक्षित वन क्षेत्र में इस तरह की गतिविधियां न केवल पर्यावरण को नुकसान पहुंचाती हैं बल्कि वन्यजीवों और स्थानीय पारिस्थितिकी तंत्र के लिए भी गंभीर खतरा पैदा करती हैं।