UTTARAKHAND LIVE

उत्तराखंड की खबरों से सरोकार

जिला खनन न्यास समिति की बैठक में जनहित से जुड़े प्रस्तावों को मिली मंजूरी

अल्मोड़ा। जिला खनन न्यास समिति की बैठक शनिवार को जिलाधिकारी अंशुल सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट में आयोजित हुई। बैठक में शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, स्वच्छता और आधारभूत सुविधाओं से जुड़े विभिन्न जनहितकारी प्रस्तावों पर चर्चा करते हुए कई महत्वपूर्ण कार्यों को स्वीकृति दी गई।

बैठक में विभिन्न विभागों की ओर से प्रस्तुत विकास एवं जनकल्याण से जुड़े प्रस्तावों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि जिला खनन न्यास समिति से प्राप्त धनराशि का उपयोग ऐसे कार्यों में किया जाए, जिनसे सीधे तौर पर आमजन को लाभ पहुंचे और दूरस्थ क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाएं मजबूत हो सकें।

बैठक में चौखुटिया अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर को संचालित करने के लिए आवश्यक सामग्री खरीदने हेतु धन आवंटन को स्वीकृति दी गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को जल्द सामग्री खरीदकर ऑपरेशन थिएटर शुरू करने के निर्देश दिए, ताकि क्षेत्रीय लोगों को स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सके।

इसके अलावा बल्टा गांव में जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा के लिए चेन लिंक फेंसिंग लगाने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई। जनहित से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण और आवश्यक कार्यों को भी स्वीकृति प्रदान की गई।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वीकृत कार्यों को गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी विभाग नियमित रूप से कार्यों की मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा, जिला खनन अधिकारी चित्रा जोशी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।