UTTARAKHAND LIVE

उत्तराखंड की खबरों से सरोकार

जिला विकास प्राधिकरण के विरोध में सर्वदलीय संघर्ष समिति का प्रदर्शन

अल्मोड़ा। मंगलवार को जिला विकास प्राधिकरण के विरोध में सर्वदलीय संघर्ष समिति की ओर से गांधी पार्क, चौघानपाटा में विरोध प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन में शामिल लोगों ने सरकार पर जनता विरोधी नीतियां अपनाने का आरोप लगाया। वक्ताओं ने कहा कि लंबे समय से लागू जिला विकास प्राधिकरण व्यवस्था के कारण आम लोगों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जमीन और मकान के नक्शे पास कराने की प्रक्रिया जटिल और लंबी हो गई है, जिससे लोगों का समय और धन दोनों व्यर्थ हो रहा है। उनका कहना था कि सरकार जनता की समस्याओं और हितों की अनदेखी कर रही है, जिससे आम नागरिकों को असुविधा उठानी पड़ रही है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि जब तक इस व्यवस्था को समाप्त नहीं किया जाता, तब तक विरोध जारी रहेगा। उन्होंने मांग की कि जिला विकास प्राधिकरण को समाप्त कर पूर्व की सरल और जनहितैषी प्रणाली को बहाल किया जाए। प्रदर्शन में पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी, रोबिन मनोज भंडारी, हेम चंद्र तिवारी, भारत रत्न पांडे, शाहबुद्दीन सहित अन्य लोग मौजूद रहे।