UTTARAKHAND LIVE

उत्तराखंड की खबरों से सरोकार

कांवड़ यात्रा से पहले 30 जून तक निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश

हरिद्वार(आरएनएस)। हरिद्वार में आगामी कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। यात्रा मार्ग, शहर क्षेत्र और मेला क्षेत्र से जुड़े सभी जरूरी निर्माण कार्य 30 जून तक हर हाल में पूरा करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। साथ ही सुरक्षा, यातायात और साफ-सफाई से जुड़ी व्यवस्थाओं को समय रहते दुरुस्त करने पर विशेष जोर दिया गया है। इस वर्ष कांवड़ यात्रा 30 जुलाई से शुरू होकर 11 अगस्त तक चलेगी। यात्रा से लगभग एक माह पहले ही सभी तैयारियां पूरी करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। श्रद्धालुओं की भारी भीड़, यातायात दबाव और सुरक्षा चुनौतियों को देखते हुए प्रशासनिक स्तर पर तैयारियों को तेज कर दिया गया है। मंगलवार को मेला नियंत्रण भवन स्थित सीसीआर सभागार में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में कुंभ मेलाधिकारी सोनिका की अध्यक्षता में तैयारियों की समीक्षा की गई। बैठक में सभी विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने कार्यों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। इस दौरान यह तय किया गया कि जो निर्माण कार्य कम समय में पूरे हो सकते हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर तुरंत पूरा किया जाए। वहीं जिन कार्यों का पूरा होना संभव नहीं है, उनके लिए वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए ताकि कांवड़ यात्रा प्रभावित न हो और श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर कोई असर न पड़े। मेलाधिकारी ने निर्देश दिए कि शहर में चल रहे सभी निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं।