देहरादून। ‘हनुमान अंश’ फिल्म की टीम ने सोमवार को कैंची धाम नैनीताल पहुंचकर बाबा नीम करौली के दर्शन किए और आशीर्वाद प्राप्त किया। टीम ने धाम में दर्शन की सुगम एवं सुव्यवस्थित व्यवस्थाओं तथा चल रहे विकास कार्यों की सराहना की।
फिल्म के अभिनेता शोभिनव सत्या, अभिनेत्री पूर्णिमा तिवारी और प्रोड्यूसर रागिनी सोना ने उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति, परंपराओं और चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं की सराहना की। टीम ने खटीमा में आयोजित आदि रंगोत्सव-2026 में भी प्रतिभाग किया और उत्तराखंड की संस्कृति के विभिन्न आयामों, लोकनृत्य, ढोल-दमाऊं एवं पारंपरिक वाद्य यंत्रों की प्रस्तुतियां देखीं। टीम ने इसे अपने जीवन का अविस्मरणीय अनुभव बताया।
फिल्म टीम ने कैंची धाम में बाबा नीम करौली के दर्शन का अवसर प्रदान करने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया। टीम के सदस्यों ने कहा कि धाम में दर्शन की सुव्यवस्थित व्यवस्थाओं के कारण उन्हें सहजता से बाबा के दर्शन और आशीर्वाद प्राप्त हुआ।
टीम ने कहा कि उत्तराखंड की प्राकृतिक सुंदरता के साथ उसकी समृद्ध सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत देश-दुनिया के लोगों को आकर्षित करती है। उन्होंने देशवासियों से उत्तराखंड आने और चारधाम सहित प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों का भ्रमण करने की अपील की।
फिल्म टीम के सदस्यों ने उत्तराखंड में मिले सम्मान, स्नेह और अपनत्व को स्मरणीय बताते हुए आत्मीय स्वागत एवं सम्मान के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया।

