UTTARAKHAND LIVE

उत्तराखंड की खबरों से सरोकार

लमगड़ा में भाजपा का दो दिवसीय प्रशिक्षण महाभियान सम्पन्न

अल्मोड़ा। भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित दो दिवसीय ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान’ का लमगड़ा मंडल में आयोजन किया गया, जिसमें कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी करते हुए विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण प्राप्त किया। उद्घाटन सत्र में मुख्य वक्ता गणेश धनखोला ने पार्टी के वैचारिक आधार पर प्रकाश डालते हुए एकात्म मानव दर्शन और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद की अवधारणा को समझाया। दूसरे सत्र में जिला अध्यक्ष महेश नयाल ने पार्टी के इतिहास और विकास पर चर्चा करते हुए संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने और जनसेवा को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। पूर्व जिला अध्यक्ष रमेश बहुगुणा ने संगठन विस्तार के विभिन्न आयामों पर मार्गदर्शन देते हुए पन्ना प्रमुख तक की जिम्मेदारियों और टोली बैठक के महत्व को बताया। दूसरे दिन के पहले सत्र में किरण पंत ने कार्यपद्धति पर प्रशिक्षण देते हुए महिला सहभागिता बढ़ाने की आवश्यकता बताई। कैलाश गुरुरानी ने सोशल मीडिया, नमो ऐप और सरल ऐप के उपयोग के साथ ही आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के महत्व पर जानकारी दी और कार्यकर्ताओं को तकनीक से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। समापन सत्र में त्रिलोक सिंह रावत ने बूथ प्रबंधन, मन की बात कार्यक्रम और विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान पर कार्यकर्ताओं को जागरूक किया। मंडल प्रभारी मनीष जोशी (मंटू) ने प्रशिक्षण का सार प्रस्तुत करते हुए कार्यकर्ताओं से योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन जगदीश रावत और शंकर सिंह मनराल ने किया। प्रशिक्षण में नन्दन बिष्ट, नीमा ढैला, शंकर मनराल, जगदीश रावत, महिपाल नैनवाल, भावना बिष्ट, देवेन्द्र रावत, प्रेम सिंह, त्रिलोक सिंह रावत, संजय डालाकोटी, गौरव बिष्ट, रमेश कुमार, दीवान सिंह बोरा, इंदर डसीला, भगवत सिंह फर्त्याल, विमल देवी, हरीश कपकोटी, प्रदीप बगडवाल, मदन रावत सहित कई कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।