UTTARAKHAND LIVE

उत्तराखंड की खबरों से सरोकार

हरीश लड़े या हरक सिंह, भाजपा को इससे कोई वास्ता नहीं: कौशिक

देहरादून। सोमवार को बार्लोगंज में एक कार्यक्रम में शामिल होने आये  भाजपा प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि प्रदेश सरकार बहुत अच्छा कार्य कर रही है, जिसमें यूसीसी पर सरकार ने कदम आगे बढ़ाए हैं। सरकारी संपत्तियों से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही है। पत्रकारों से बातचीत में मंत्री परिषद में शामिल होने पर कहा कि मंत्री पद पर कई बार रह चुके हैं, बाकी जो निर्णय हाईकमान का होगा उसका पालन किया जाएगा।  उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के लिए प्रदेश सरकार ने बहुत अच्छी व्यवस्था उत्तर प्रदेश के साथ मिलकर की है, इसके साथ ही भाजपा कार्यकर्ता, धार्मिक तथा सामाजिक संगठन दिन-रात व्यवस्था करने में लगे हुए हैं। स्वयं मुख्यमंत्री भी इसकी निगरानी कर रहे हैं। कांग्रेस को लेकर मदन कौशिक ने कहा कि उनकी कोई विश्वसनीयता नहीं है। हरिद्वार लोक सभा सीट पर हरीश रावत के लड़ने पर उन्होंने कहा कि यह कांग्रेस का मामला है कि हरीश रावत लड़े या हरक सिंह रावत, भाजपा को इससे कोई वास्ता नहीं है। जिस तरह भाजपा 2014 व 19 में बड़े मार्जन से जीती है और 2024 उससे भी बड़े मार्जन से जीतेगी। कांग्रेस के लिए कोई स्थान खाली नहीं है। इससे पूर्व भाजपा मूसरी मंडल ने मदन कौशिक का मसूरी पहुंचने पर गुलदस्ता देकर व शॉल भेंट कर जोरदार स्वागत किया। इस अवसर पर भाजपा मसूरी मंडल अध्यक्ष राकेश रावत, पूर्व पालिका अध्यक्ष ओपी उनियाल, मोहन पेटवाल, महिला मोर्चा अध्यक्ष गीता कुमाई, पालिका सभासद अरविंद सेमवाल, भाजपा महामंत्री कुशाल सिंह राणा, मीरा सुयाल, विजय रमोला, आदि मौजूद रहे ।