UTTARAKHAND LIVE

उत्तराखंड की खबरों से सरोकार

महिला डॉक्टर से अभद्रता, आरोपी पर केस दर्ज

रुद्रपुर(आरएनएस)। रुद्रपुर के एक निजी अस्पताल में घुसकर हंगामा करने, महिला डॉक्टर से अभद्रता करने और स्टाफ को जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। अस्पताल प्रबंधन की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। कत्यानी मेडिकल सेंटर के निदेशक डॉ. विल्सन जय जेवियर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि गुरुवार शाम ओमेक्स निवासी अमरजीत सिंह पुत्र जोगिंदर सिंह अस्पताल पहुंचे। आरोप है कि यहां आते ही उन्होंने अस्पताल के मैनेजर गगनप्रीत सिंह के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद आरोपी अस्पताल की सीनियर महिला डॉक्टर के केबिन में जबरन घुस गया, जहां उसने डॉक्टर के साथ अभद्रता की और अपशब्द कहे। घटना से अस्पताल में मौजूद स्टाफ और मरीजों में अफरा-तफरी मच गई। आरोप है कि अमरजीत सिंह जाते-जाते अस्पताल में ताला लगाकर अंदर मौजूद लोगों को जिंदा जलाने की धमकी दे गया। डॉ. विल्सन के अनुसार, आरोपी पहले भी कई बार अस्पताल में आकर विवाद कर चुका है, जिससे स्टाफ में भय का माहौल बना हुआ है। अस्पताल प्रबंधन ने आरोपी से जान-माल के खतरे की आशंका जताते हुए पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं, पुलिस ने पीड़ित डॉक्टर की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।