अल्मोड़ा। विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य के तहत मतदाता सूची की शुद्धता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने राजनीतिक दलों से सहयोग की अपील की है। इस संबंध में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र की अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई, जिसमें विभिन्न दलों के पदाधिकारी और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में अपर जिलाधिकारी ने कहा कि त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करना प्रशासन की प्राथमिकता है, इसलिए सभी दलों के प्रतिनिधि बूथ स्तर पर तैनात बीएलओ के साथ समन्वय बनाकर मतदाताओं की मैपिंग कार्य में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी दल को इस प्रक्रिया में कोई आपत्ति या शिकायत है, तो उसे प्रशासन के साथ साझा किया जाए, ताकि उसका परीक्षण कर समाधान किया जा सके।
उन्होंने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए प्रशासन के साथ-साथ राजनीतिक दलों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। इस दौरान जानकारी दी गई कि जनपद में 20 अप्रैल तक 94.62 प्रतिशत मतदाताओं की मैपिंग पूरी की जा चुकी है। कुल 5,28,118 पंजीकृत मतदाताओं में से 4,99,679 की मैपिंग हो चुकी है।
अपर जिलाधिकारी ने सभी दलों से अपील की कि वे शत-प्रतिशत मैपिंग सुनिश्चित कराने के लिए बीएलओ के साथ समन्वय बढ़ाएं। साथ ही संबंधित अधिकारियों को भी निर्देश दिए गए कि मैपिंग कार्य शीघ्र पूरा किया जाए।
बैठक में यह भी बताया गया कि जनपद में कुल 920 मतदान केंद्र हैं, जहां सभी दलों को अपने बूथ लेवल एजेंट तैनात करने हैं। अब तक विभिन्न दलों द्वारा 1742 बूथ लेवल एजेंट नियुक्त किए जा चुके हैं, जिनमें भाजपा के 910 और कांग्रेस के 832 एजेंट शामिल हैं। अपर जिलाधिकारी ने सभी दलों से शेष बूथों पर भी एजेंट तैनात करने की अपेक्षा जताई, ताकि पुनरीक्षण कार्य निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से पूरा किया जा सके।
उन्होंने यह भी कहा कि जिन बूथों पर अभी तक बीएलए द्वितीय नियुक्त नहीं किए गए हैं, वहां शीघ्र नियुक्ति कर उन्हें सक्रिय किया जाए, जिससे मैपिंग कार्य में तेजी लाई जा सके।
बैठक में उप निदेशक पर्यटन प्रकाश सिंह खत्री, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी भरत सिंह रावत सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


