UTTARAKHAND LIVE

उत्तराखंड की खबरों से सरोकार

नर्सिंग कॉलेज पर मान्यता और फीस वसूली के आरोप, यूकेडी ने डीएम को सौंपा ज्ञापन

अल्मोड़ा। नगर स्थित मां अम्बे इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग एंड पैरामेडिकल साइंसेज के खिलाफ यूकेडी कार्यकर्ताओं ने सोमवार को जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की।

ज्ञापन में कहा गया कि संस्थान में पिछले कई वर्षों से नर्सिंग कोर्स संचालित किया जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में पहाड़ी क्षेत्रों के छात्र अध्ययनरत हैं। ऐसे में संस्थान की मान्यता की स्थिति स्पष्ट किया जाना आवश्यक है, ताकि छात्रों के भविष्य के साथ किसी प्रकार की अनिश्चितता न रहे।

कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि संस्थान द्वारा बिना स्पष्ट अनुमति के स्कूली शिक्षा भी संचालित की जा रही है। उन्होंने स्कूल की मान्यता को सार्वजनिक करने की मांग उठाई। इसके अलावा शिक्षा का अधिकार अधिनियम के तहत 25 प्रतिशत आरक्षित छात्रों से भी पूर्ण शुल्क वसूले जाने का आरोप लगाया, जिसे नियमों के विपरीत बताया गया।

ज्ञापन में यह भी कहा गया कि संस्थान प्रबंधन द्वारा छात्रों और मीडिया कर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार किए जाने की शिकायतें सामने आई हैं। इस प्रकरण में भी जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की गई।
इस दौरान केंद्रीय मंत्री दिनेश नाथ गोस्वामी, संयुक्त मंत्री त्रिलोक लटवाल, जिलाध्यक्ष दिनेश जोशी, महानगर अध्यक्ष मोहित साह और जिला उपाध्यक्ष सुजीत टम्टा सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।