UTTARAKHAND LIVE

उत्तराखंड की खबरों से सरोकार

ऑपरेशन प्रहार के तहत लमगड़ा में सघन सत्यापन, चार ठेकेदारों पर 20 हजार का चालान

अल्मोड़ा। लमगड़ा थाना क्षेत्र में रविवार तड़के पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत सघन सत्यापन अभियान चलाकर बिना सत्यापन मजदूर रखने वाले चार ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई की। प्रत्येक पर पांच-पांच हजार रुपये का चालान करते हुए कुल 20 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोड़के के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक हरबंस सिंह के मार्गदर्शन और पुलिस उपाधीक्षक अल्मोड़ा बलवंत सिंह के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष लमगड़ा प्रमोद पाठक के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।

अभियान के दौरान थाना क्षेत्र सहित मोरनौला और जैंती चौकी क्षेत्रों में पुलिस टीम ने व्यापक सत्यापन करते हुए करीब 45 बाहरी व्यक्तियों और मकान मालिकों की जांच की। इस दौरान चार ठेकेदार बिना पुलिस सत्यापन मजदूर रखते पाए गए, जिनके खिलाफ उत्तराखंड पुलिस अधिनियम के तहत चालान की कार्रवाई की गई।

पुलिस ने स्पष्ट किया कि बिना सत्यापन बाहरी व्यक्तियों को रखना दंडनीय है। साथ ही लोगों को सत्यापन कराने के प्रति जागरूक भी किया गया।