UTTARAKHAND LIVE

उत्तराखंड की खबरों से सरोकार

अल्मोड़ा: आरक्षण सूची पर 294 आपत्तियां, 17 जून तक होगी समीक्षा

अल्मोड़ा। पंचायत चुनाव की तैयारियों के बीच आरक्षण सूची को लेकर आपत्तियों की झड़ी लग गई है। जिला पंचायत राज अधिकारी राजेंद्र सिंह ने बताया कि जिले में ब्लॉक प्रमुख, ग्राम प्रधान, जिला पंचायत सदस्य और क्षेत्र पंचायत सदस्यों के लिए आरक्षित सीटों की अनंतिम सूची के प्रकाशन के बाद रविवार सायं पांच बजे तक कुल 294 आपत्तियां प्राप्त हो चुकी थीं। इनमें ग्राम प्रधान पद के लिए सर्वाधिक 185 आपत्तियां दर्ज की गई हैं, जबकि क्षेत्र पंचायत सदस्य पद पर 69, जिला पंचायत सदस्य के लिए 33 और ब्लॉक प्रमुख पद पर 7 आपत्तियां प्राप्त हुई हैं। अधिकारी ने बताया कि प्राप्त आपत्तियों के आंकड़ों को संकलित किया जा रहा है और यह संख्या आगे और बढ़ सकती है। उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को ही विभिन्न पदों के लिए आरक्षित सीटों की अनंतिम सूची सार्वजनिक की गई थी। अब इन आपत्तियों की जांच के लिए जिलाधिकारी द्वारा नामित समिति 16 और 17 जून 2025 को समीक्षा करेगी। समिति की रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंपी जाएगी, जिसके आधार पर आगामी कार्रवाई तय की जाएगी।