UTTARAKHAND LIVE

उत्तराखंड की खबरों से सरोकार

‘पर्यावरण की पाठशाला’ में छात्रों को मिला जलवायु चेतना का पाठ

अल्मोड़ा। ग्रीन हिल्स ट्रस्ट द्वारा पर्यावरणीय जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘पर्यावरण की पाठशाला’ कार्यक्रम का आयोजन पीएमश्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, अल्मोड़ा में किया गया। कार्यक्रम में छात्रों को जलवायु परिवर्तन, ग्लोबल वार्मिंग और उनके दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। संस्था की सचिव, डॉ. वसुधा पंत ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि जलवायु संकट के लिए मनुष्य का लालच ही मुख्य कारण है। अगर इस संकट से बचना है, तो हर व्यक्ति को विशेषकर छात्रों को अपनी पर्यावरणीय चेतना को जागृत करना होगा। उन्होंने कहा कि हमें अपनी आदतों और उपभोग पर स्वयं नियंत्रण रखना होगा ताकि कार्बन फुटप्रिंट कम किया जा सके। डॉ. पंत ने जलवायु परिवर्तन के प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि भारत जैसे विकासशील देशों पर इसका सबसे बुरा असर पड़ने वाला है, जहां जल स्रोत पहले ही संकट में हैं। उन्होंने कोसी नदी पर किये गए शोध का हवाला देते हुए बताया कि किस तरह यह सदानीरा नदी और उसकी सहायक नदियां सूख रही हैं। उन्होंने आगाह किया कि पहाड़ों पर जलवायु परिवर्तन का असर साफ दिखाई देने लगा है और इससे मरूस्थलीकरण का खतरा मंडराने लगा है। उन्होंने अपील की कि छोटे-छोटे प्रयासों से भी हम पर्यावरण संरक्षण में बड़ा योगदान दे सकते हैं। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं की सक्रिय भागीदारी को विशेष रूप से सराहा गया। इससे पहले यह कार्यक्रम राजकीय इंटर कॉलेज हवालबाग, स्यालीधार, ग्रीन फील्ड पब्लिक स्कूल, स्प्रिंग डेल्स पब्लिक स्कूल, शारदा पब्लिक स्कूल, गुरु अकैडमी, इंस्पिरेशन पब्लिक स्कूल और बीरशिबा इंटर कॉलेज में भी आयोजित किया जा चुका है।