UTTARAKHAND LIVE

उत्तराखंड की खबरों से सरोकार

पटेलनगर में सेनेटरी दुकान और बंद मकान से लाखों की चोरी

देहरादून(आरएनएस)। पटेलनगर कोतवाली क्षेत्र में बेखौफ चोरों ने दो अलग-अलग वारदातों में लाखों चोरी को अंजाम दिया। दोनों मामलों में पीड़ितों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस चोरों की तलाश में जुट गई है। चोरी की पहली वारदात सहारनपुर रोड स्थित एक सेनेटरी की दुकान में हुई। कमल भाटिया ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि छह मई रात दुकान बंद की। अगले दिन सुबह देखा तो दुकान के ताले टूटे थे। चोर अंदर रखे सुप्रीम, एस्को और जगुआर कंपनी के लगभग साढ़े तीन लाख रुपये के पीतल के आइटम चोरी कर लिए। घटना का पता चलने पर कंट्रोल रूम को सूचना दी। पीड़ित ने पुलिस को वह सरिया भी सौंप दिया है जिससे चोरों ने ताला तोड़ा था। सीसीटीवी की वीडियो रिकॉर्डिंग भी पुलिस को उपलब्ध करा दी गई है。
इंद्रलोक विहार में घर से लैपटॉप, टीवी और नकदी चोरी: चोरी की दूसरी घटना आईएसबीटी चौकी क्षेत्र के इंद्रलोक विहार में हुई। यहां रहने वाले अनिल नेगी ने बताया कि तीन मई को अज्ञात चोरों ने उनके घर में घुसकर कीमती सामान चोरी कर लिया। चोर उनके घर से ऑफिस का लैपटॉप, लैपटॉप का चार्जर, एक टीवी और घर में रखी नकदी लेकर फरार हो गए। इंस्पेक्टर पटेलनगर विनोद गुसाईं ने बताया कि दोनों शिकायतों पर चोरों की धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है।